पिज़्ज़ा को तवे पर
पिज़्ज़ा तो सबको पसंद आता है, खासकर बच्चे तो पिज़्ज़ा को बहुत मज़े से खाते हैं. पिज़्ज़ा को घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. अगर ओवन ना भी हो तो भी आप पिज़्ज़ा को तवे पर बना सकते हैं. तवे पर बना पिज़्ज़ा भी उतना ही टेस्टी और यम्मी बनता है.
ज़रूरी सामग्री:
पिज़्ज़ा के आटे के लिए:
- मैदा - 2 कप
- ओलिव ओइल - 2 टेबल स्पून
- नमक - आधा छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
- चीनी - 1 छोटी चम्मच
- इन्स्टैंट यीस्ट (Instant Yeast) - 1 छोटी चम्मच, लेवल करके
पिज़्ज़ा की टापिंग के लिए:
- शिमला मिर्च - 1
- बेबी कार्न - 3
- पिज्जा सास - आधा कप
- मोजेरीला चीज़ - आधा कप
- इटेलियन मिक्स हर्ब्स -आधा छोटी चम्मच
बनाने की विधि:
मैदे को किसी बर्तन में छान कर उसमें ड्राई इन्सटेन्ट यीस्ट, नमक, चीनी और साथ में आलिव आयल डाल के मिला लें. फिर गुनगुना पानी डालते हुए इसे चपाती के आटे जैसा गूंथ लें. आटे को 5-7 मिनट तक मसलते हुए चिकना कर लें.
एक प्याले में तेल लगा कर उसे चिकना कर लें. आटे को उसमें डाल दें और फिर उसे ढक कर किसी गरम जगह पर 2 घंटे के लिए रख दें. इतने समय में आटा फूल कर दोगुना हो जएगा. जब आटा फूल जाए तो ये पिज़्ज़ा बनाने के लिए तैयार है.
टापिंग तैयार करें:
बेबी कार्न के आधा सें. मी. की मोटाई में गोल टुकडे़ काट लें. शिमला मिर्च से बीज निकाल कर इसे लंबा और पतला काट लें. अब सब्ज़ियों को तवे पर डाल कर चम्मच से चलाते हुए 2-3 मिनट में हल्की नरम कर लें.
अब आटे को आधा तोड़ ले़ इसकी गोल लोई बनाएं और उसे सूखे मैदे में लपेट कर आधा सेंमी. की मोटाई में 10-12 इंच के व्यास में बेल लें.
किसी नानस्टिक पैन या तवे को गरम करें. अगर नानस्टिक बर्तन नहीं है तो बर्तन में हल्का सा तेल लगा कर चिकना कर लें. अब बेले हुए पिज़्ज़ा बेस को इस गरम पैन पर डाले. इसपर ढक्कन रख कर 2 मिनट के लिए या पिज़्ज़ा की निचली सतह हल्की ब्राउन होने तक सेक लें. आंच को धीमी रखें.
जब पिज़्ज़ा की निचली सतह हल्की ब्राउन हो जाए तो इसे पलट दें और गैस को बिलकुल धीमी कर दें. अब बारी है पिज़्ज़ा की टापिंग करने की.इसके लिए पहली पिज़्ज़ा पर पतली सी सास की लेयर लगाएं. फिर शिमला मिर्च और बेबी कार्न को थोडी़-थोडी़ दूरी पर लगा दें. इन पर मोज़ेरेला चीज़ डाल दें.
पिज़्ज़ा को धीमी आंच पर ही 5-6 मिनट के लिए सेक लें. इसे हर 2 मिनट में चैक करते रहें. चीज़ के मेल्ट होने और पिज़्ज़ा की निचली सतह सिक कर ब्राउन होने तक सेक कर इसे तैयार कर लें.
यम्मी पिज़्ज़ा तैयार है. इसके उपर हर्बस डाल कर इसे काट लें. गर्मा-गर्म परोसें और खाएं.
ध्यान दें:
टोपिंग के लिए आप अपनी पसंद की कोई भी सब्ज़ी जैसे प्याज़, टमाटर, कार्न या आलिव ले सकते हैं. आटे में कोई भी कुकिंग आयल डाला जा सकता है.
अगर आप इन्सटेन्ट यीस्ट की जगह ड्राई यीस्ट ले रहे हैं तो इसे दूध और चीनी के गुनगुने घोल में 5 मिनट डाल कर एक्टिव कर लें.